निर्दलीयों के खाते में 10 सीटें, RLP को एक वार्ड में जीत; नतीजों के बाद महापौर को लेकर सियासी मंथन तेज
बीकानेर। बीकानेर नगर निगम चुनाव 2026 के नतीजों ने शहर की सियासत की तस्वीर बदल दी है। 80 वार्डों वाले नगर निगम में कांग्रेस ने 42 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। भाजपा 27 वार्डों में जीत दर्ज कर सकी, जबकि 10 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे और एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के खाते में गई। इस आंकड़े के साथ बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय हो गया है।
वार्डवार सामने आए परिणामों में वार्ड 60 से नवल किशोर, वार्ड 62 से अकबर अली, वार्ड 64 से जावेद, वार्ड 65 से सपना मारू, वार्ड 66 से नसीम बानो, वार्ड 73 से अनिल कल्ला, वार्ड 74 से सरिता, वार्ड 75 से धर्मवीर नाहटा, वार्ड 77 से राहुल कुमार, वार्ड 78 से जुल्ले खां बानो, वार्ड 79 से शीतल और वार्ड 80 से मोहम्मद अतीक ने कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की। वहीं भाजपा की ओर से वार्ड 61 में गिरिराज जोशी, वार्ड 67 में हेमेंद्र भाटी, वार्ड 68 में शंकरलाल तंवर, वार्ड 69 में लीला गहलोत निर्विरोध, वार्ड 70 में विक्रम सिंह राजपुरोहित, वार्ड 71 में जगदीश और वार्ड 76 में विशाल सोनी विजयी रहे।
अन्य प्रमुख परिणामों में वार्ड 45 से ओमप्रकाश, वार्ड 46 से शिवकुमार, वार्ड 47 से सरिता जोशी, वार्ड 48 से नंदलाल जावा, वार्ड 50 से नवरत्न डागा कांग्रेस के टिकट पर विजयी रहे। वार्ड 49 से निर्दलीय सुषमा ने जीत दर्ज की। वार्ड 9 से भाजपा के विनोद धवल, वार्ड 10 से निर्दलीय कपिल, वार्ड 12 से भाजपा के हिमांशु, वार्ड 13 से सुरेंद्र सिंह, वार्ड 14 से कांग्रेस की किरण भाटी, वार्ड 15 से अब्दुल वाहिद, वार्ड 16 से पूनम चंद, वार्ड 17 से चेतना और वार्ड 18 से मकसूद अहमद विजयी रहे।
वार्ड 73 का नतीजा खास चर्चा में रहा। यहां कांग्रेस के अनिल कल्ला ने जीत दर्ज की। चुनाव के अंतिम दौर में इस वार्ड में कथित फर्जी मतदान को लेकर हंगामा भी हुआ था और अब परिणाम आने के बाद अनिल कल्ला का नाम कांग्रेस के संभावित महापौर दावेदारों में चर्चा में है। हालांकि महापौर पद पर अंतिम तस्वीर कांग्रेस नेतृत्व और निर्वाचित पार्षदों के बीच होने वाले निर्णय के बाद ही साफ होगी।
नतीजे सामने आते ही कांग्रेस ने अपने विजयी पार्षदों को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी नेताओं और निर्वाचित पार्षदों की सामूहिक तस्वीर भी सामने आई है। पूर्व मंत्री बीडी कल्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, यशपाल गहलोत और बिशनाराम सियाग सहित पार्टी के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में एकजुटता का संदेश दिया गया। अब कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल महापौर पद को लेकर है। कई नामों की चर्चा के बीच पार्टी नेतृत्व किस चेहरे पर भरोसा जताता है, इस पर राजनीतिक निगाहें टिकी हैं।
बीकानेर के चुनाव परिणामों ने यह भी स्पष्ट किया है कि निगम की नई राजनीति में कांग्रेस के पास बहुमत का आंकड़ा होने के बावजूद पार्षदों के बीच नेतृत्व चयन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहेंगी। भाजपा अब विपक्ष की भूमिका में होगी, जबकि निर्दलीय पार्षद भी अपने-अपने क्षेत्रों के मुद्दों को लेकर निगम की राजनीति में प्रभाव बनाए रख सकते हैं।
#Bikaner #BikanerNews #NagarNigamElection #BikanerNagarNigam #ElectionResult2026 #Congress #BJP #BikanerPolitics #MayorElection #RajasthanPolitics