ऑपरेशन नीलकंठ में 266 गिरफ्तार, 68.84 करोड़ रुपए कीमत के मादक पदार्थ जब्त
बीकानेर पुलिस की 8 अप्रैल से 19 अगस्त तक कार्रवाई; नशे से जुड़े मामलों में 214 कार्रवाई, तीन नाबालिग निरुद्ध
बीकानेर। मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बीकानेर पुलिस ने 8 अप्रैल से 19 अगस्त तक 214 कार्रवाई करते हुए 266 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार इस अवधि में हेरोइन 23.781 किलोग्राम, स्मैक 772.63 ग्राम, अफीम 13.132 किलोग्राम, गांजा 7.482 किलोग्राम, डोडा 890.86 किलोग्राम, एमडीएमए 199.94 ग्राम, एमडी 431.10 ग्राम तथा 54,010 कैप्सूल और 13 शीशियां जब्त की गईं। पुलिस ने जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 68 करोड़ 84 लाख 82 हजार 900 रुपए बताई है। इसके अलावा मादक पदार्थों की बिक्री से संबंधित जब्त राशि 64 लाख 8 हजार 915 रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार जिला ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के माध्यम से 355 प्रकरणों में जब्त अवैध मादक पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत 40 करोड़ 47 लाख 79 हजार रुपए थी, को नियमानुसार नष्ट किया गया, जबकि 64 प्रकरणों में जब्त 44.698 किलोग्राम अवैध अफीम को नियमानुसार जमा कराया गया। पुलिस ने मादक पदार्थों एवं अन्य गैरकानूनी तरीकों से अर्जित संपत्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की है। प्रेस नोट के अनुसार कुछ मामलों में अतिक्रमण हटाकर संपत्तियां मुक्त कराई गईं तथा कुछ मामलों में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68एफ के तहत संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी जारी है, जिसके तहत थानों में बैठकें, युवाओं के लिए खेल गतिविधियां, महिला चौपाल और स्कूल-कॉलेजों सहित विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से मादक पदार्थों की तस्करी या इससे जुड़े लोगों की सूचना साझा करने की अपील की है और कहा है कि हेल्पलाइन पर सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सूचना के लिए पुलिस अधीक्षक बीकानेर कार्यालय की ओर से 87645-07201 नंबर जारी किया गया है।
