बीकानेर, 24 फरवरी। फाल्गुन माह में श्याम भक्ति की अनुपम छटा बिखेरने के उद्देश्य से श्री श्याम बाल संकीर्तन मंडल समिति (सार्वजनिक प्रन्यास) के तत्वावधान में 26 से 28 फरवरी 2026 तक रंग रंगीला श्री श्याम फागोत्सव एवं विशाल श्याम ध्वजा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजनों को लेकर श्याम भक्तों में भारी उत्साह है और शहरभर में तैयारियां तेज हो गई हैं।
समिति के अनुसार 26 फरवरी को प्रातः 9 बजे स्वर्णकार भवन, रानी बाजार से विशाल श्याम ध्वजा यात्रा का शुभारंभ होगा, जो प्रमुख मार्गों से होती हुई सायं 4 बजे श्री श्याम धाम मंदिर, बीकानेर पहुंचेगी। यात्रा में हजारों श्रद्धालु ध्वज लेकर भजन-कीर्तन के साथ शामिल होंगे। रथ, झांकियां, पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ नगर श्याममय वातावरण में सराबोर रहेगा।
27 फरवरी को एकादशी के अवसर पर दूर-दराज से श्याम भक्त निशान के साथ मंदिर पहुंचेंगे, जिनके लिए समिति द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। 28 फरवरी को दोपहर 2 बजे से श्री श्याम धाम मंदिर में रंग रंगीला श्री श्याम फागोत्सव आयोजित होगा।
प्रन्यास सदस्य ओम जिंदल एवं अध्यक्ष के.के. शर्मा ने बताया कि भजन संध्या में राहुल शर्मा, दुर्गा गामड़, सुनीता बागड़ी तथा अजय म्यूजिकल ग्रुप प्रस्तुति देंगे। इस दौरान पुष्पों की होली, इत्र वर्षा, आकर्षक झांकियां और बाबा का भव्य श्रृंगार मुख्य आकर्षण रहेंगे।
मंदिर सचिव सुरेश भसीन एवं सुरेश अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। समिति ने सभी श्याम प्रेमियों से दोनों आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।